अयोध्या मामले में सोमवार से शुरू होगी सुनवाई
अदालत के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में विशेष न्यायाधीश वी. के. त्यागी ने 23 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें फैजाबाद के पूर्व जिलाधिकारी आर. एन. श्रीवास्तव और सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह हैं। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद (विहिप) कई कार्यकर्ता भी आरोपी बनाए गए हैं।
कुछ साल पहले उच्च न्यायालय ने वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, उमा भारती और विनय कटियार सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विहिप के कई वरिष्ठ नेताओं को इस मामले में बरी कर दिया था।
अदालती आदेश के अनुसार इस मामले में अन्य आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं: पवन कुमार पांडे, लल्लू सिंह, जय भगवान गोयल, सुधीर कक्कड़, रामचंद्र खत्री, अमरनाथ गोयल, संतोष दुबे, प्रकाश शर्मा, जयभान सिंह पवैया, धर्मेद्र सिंह गुज्जर, रामजी गुप्ता, ओमप्रकाश पांडे, गांधी यादव, विनय कुमार राय, कमलेश त्रिपाठी, हरगोविंद सिंह, विजय बहादुर सिंह और नवीन भाई शुक्ला।
फैजाबाद के पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डी.बी. राय सहित इस मामले के तीन अन्य आरोपियों का निधन हो चुका है। इस मामले की सुनवाई की तिथि सोमवार को शुरू होने के साथ ही गवाहों के बयान भी लिए जाएंगे।
गौरतलब है कि छह दिसंबर, 1992 को विवादित ढांचा गिराया गया था। इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications