बद्रीनाथ मार्ग में फंसे यात्रियों का निकलना शुरू (लीड-1)
चमोली के जिलाधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि जोशी मठ से आगे मारवाड़ी वासा के पास वैकल्पिक मार्ग से यात्रियों का निकलना शुरू हो गया है। रामबग्गड़ के पास बाधित मार्ग को सुचारु कर यातायात को बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन ने बद्रीनाथ मंदिर समिति से बातचीत कर वहां फंसे यात्रियों के नि:शुल्क भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था कराई है। उन्होंने बताया कि ऐसी ही व्यवस्था गोविंदघाट में भी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से बातचीत कर कराई गई है।
सेमवाल ने बताया कि बद्रीनाथ में फंसे यात्रियों की संख्या तीन हजार से चार हजार के बीच है। वहीं गोविंदघाट में लगभग एक हजार यात्री रुके हुए हैं। उन्होंने बताया कि बीच मार्ग में किसी के फंसे होने की आशंका नहीं है।
उल्लेखनीय है कि चमोली जिले में भारी बारिश की वजह से नदी के तेज बहाव में बद्रीनाथ यात्रा मार्ग के एक हिस्से के बहने और जमीन धंसने के कारण यातायात बाधित हुई है। इलाके में सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं।
सेमवाल ने इससे पहले आईएएनएस को बताया था कि रविवार देर रात हुई भारी बारिश के कारण बद्रीनाथ मार्ग पर विष्णुप्रयाग से आगे नदी से लगी 30 मीटर सड़क बह गई है। दूसरी तरफ जोशी मठ से आगे मारवाड़ी में करीब 50 मीटर लंबी सड़क धंस गई है। दुर्घटना के तुरंत बाद जोशीमठ और बद्रीनाथ दोनों तरफ से यात्रा रोक दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications