उत्तर प्रदेश में वांछित अपराधी ढेर
जिले के जटहा बाजार थाना क्षेत्र के कटाई भरपुरवा के जंगल में सोमवार को एसटीएफ ने रुदल यादव (40) नामक खूंखार अपराधी को करीब आधे घंटे तक चली मुठभेड़ में मार गिराया। यादव के कब्जे से एसटीएफ ने चार रायफल और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जिले के पुलिस अधीक्षक लव कुमार ने आईएएनएस को बताया कि यादव के साथ उसके करीब चार साथी और थे जो मुठभेड़ के दौरान हथियार छोड़कर फरार होने में सफल हो गए। उनकी गहन तलाश की जा रही है।
कुमार ने कहा कि मारा गया अपराधी बिहार के बघा जिले के रहने वाला था। पिछले कई सालों से वह पूर्वाचल में हत्या, लूट व अपहरण की घटनाओं में सक्रिय था।
लव कुमार ने बताया कि मारे गए अपराधी पर बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में 25 से अधिक हत्या, लूट और अपहरण के आपराधिक मामले दर्ज थे। उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से यादव पर 50 हजार रुपये का ईनाम और बिहार सरकार की तरफ से 25 हजार का ईनाम घोषित था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications