उप्र किसान आंदोलन : मंडलायुक्त, जिलाधिकारी भी हटाए गए (लीड-2)
राज्य सरकार ने पूरी घटना पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए हंगामे को भांपने में नाकाम अलीगढ़ मंडल के मंडलायुक्त जे.बी.सिन्हा का तबादला राजीव अग्रवाल को नया मंडलायुक्त जबकि जिलाधिकारी के. आर. मोहन राव को हटाकर के.रविंद्र नायक को नया जिलाधिकारी बनाया।
इससे पहले राज्य सरकार ने रविवार देर शाम अलीगढ़ के एसएसपी विजय प्रकाश को हटाकर उनके स्थान पर सत्येंद्र वीर सिंह को अलीगढ़ का नया एसएसपी और मथुरा के एसएसपी बी.डी.पॉल्सन को हटाकर उनके स्थान पर लव कुमार को मथुरा नया एसएसपी बनाने का फैसला किया।
सरकार के फैसले की जानकारी देते हुए प्रदेश के कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह ने रविवार देर रात लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में इस बात की जानकारी दी।
सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए पूरी घटना की न्यायिक जांच कराने के आदेश दिए हैं।
राज्य सरकार ने किसानों की जमीनों की दर फिर से तय करने का फैसला किया। सिंह ने कहा कि नवनियुक्त मंडलायुक्त की अध्यक्षता में गठित एक समिति जमीनों का परीक्षण करेगी उसके बाद फिर से जमीनों की दर तय किए जाएंगे।
सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि हिंसक झ्झड़प में प्रांतीय सशस्त्र पुलिस (पीएसी)में प्लाटून कमांडर ब्रजेंद्र सिंह और एक किसान प्रशांत सिंह की मौत हुई है। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक बच्चे की भी मौत हुई है, लेकिन यह स्पष्ट नही है कि उसकी मौत कैसे हुई।
मालूम हो कि अलीगढ़ में शनिवार देर रात किसानों और पुलिस के बीच हुए संघर्ष में एक पुलिसकर्मी सहित दो लोगों की मौत हो गई थी और करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे।
किसान नोएडा और आगरा के बीच बनने वाले यमुना एक्सप्रेस वे के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन के लिए ज्यादा मुआवजे की मांग कर रहे हैं। कुल 165 किलोमीटर लंबे आठ लेन वाले इस मार्ग के निर्माण का ठेका जे. पी. इंडस्ट्रीज को दिया गया है।
दूसरे दिन रविवार को भी नाराज किसानों ने सड़कों पर उतरकर जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications