भारतीय स्वतंत्रता सेनानी थे नेपाल के पहले प्रधानमंत्री
काठमांडू, 14 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल के पहले निर्वाचित प्रधानमंत्री बिश्वेश्वर प्रसाद कोईराला भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुए थे और अंग्रेजों ने उनको दो बार जेल भेजा था। बी.पी के नाम से प्रसिद्ध कोइराला भारत की स्वतंत्रता के प्रबल समर्थक थे।
हाल ही में मनीषा कोइराला जब काठमांडू के एक संग्रहालय पहुंचीं तो इसका बहुत प्रचार हुआ क्योंकि वह बॉलीवुड की एक प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं। बहरहाल बहुत कम लोगों को पता है कि बी.पी. के सम्मान में निर्मित सुंदरजल संग्रहालय भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक अप्रत्यक्ष स्मारक है।
नेपाली कांग्रेस पार्टी से सांसद उनके भतीजे डा.शेखर कोइराला ने कहा, "भारत की आजादी के तीन वर्ष बाद मैं पैदा हुआ, इसके बावजूद परिवार के सभी सदस्यों को ब्रिटिश राज में बी.पी. के भारतीय राजनीति में शामिल होने के बारे में पता है।"
उन्होंने कहा कि बी.पी.पहले नेता थे जिन्होंने भारत की आजादी को एक राजनीतिक मुद्दे के तौर पर उठाया। उन्होंने महसूस किया कि यदि नेपाल को अपने राणा प्रधानमंत्रियों के उत्पीड़न से मुक्ति पानी है तो भारत को स्वतंत्र होना होगा। राणा प्रधानमंत्रियों को ब्रिटेन का समर्थन हासिल था।
बी.पी. जब केवल तीन वर्ष के थे तो उनके परिवार को भारत निर्वासित कर दिया गया। उनकी शिक्षा कोलकाता के स्कॉटिश चर्च कॉलेज और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय तथा कलकत्ता विश्वविद्यालय में हुई।
एक छात्र के तौर पर वह भारतीय स्वाधीनता आंदोलन में शामिल हुए और वर्ष 1934 में कांग्रेस के सदस्य बने। वह भारत के समाजवादी आंदोलन में भी शामिल हुए और भारतीय सोशलिस्ट पार्टी की पटना शाखा के संयुक्त सचिव रहे।
ब्रिटिश सरकार ने 1930 के दशक में इस युवा नेपाली नेता को 'आतंकवादी' के रूप में गिरफ्तार किया।
कोइराला ने भारत की विभिन्न जेलों में चार वर्ष गुजारे। इनमें बांकीपुर जेल भी शामिल है जहां वह भारत के पहले राष्ट्रपति डा.राजेंद्र प्रसाद के साथ कैद थे।
बाद में उनको हजारीबाग जेल भेज दिया गया, जहां उनके साथ बाबू जगजीवन राम कैद थे जो बाद में भारत के रक्षा मंत्री और उप प्रधानमंत्री बने।
बी.पी. ने बाद में भारतीय स्वाधीनता संग्राम से प्रेरित होकर सोशलिस्ट नेपाली नेशनल कांग्रेस की स्थापना की जो आज नेपाली कांग्रेस के तौर पर जानी जाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications