दिल्ली में बारिश, जाम से लोग हुए बेहाल (लीड-1)
शहर के विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के चलते अधिकतर सड़कों पर पानी भर गया है। दफ्तरों से निकलते वक्त लोग जाम में फंस गए। करोल बाग,वजिराबाद, आईटीओ, कनॉट प्लेस, मूलचंद, आश्रम, नांगलोई, धौलाकुआं, नारायणा, पंचकुइयां रोड, आजाद मार्केट, भजनपुरा, डीएनडी फ्लाईओवर, शंकर रोड, लाजपत नगर, सरोजनी नगर, मथुरा रोड, लोधी रोड, पटेल नगर, ओखला, सरायकाले खां, साउथ एक्सटेंशन और दरिया गंज में पानी भरने की वजह से घंटों जाम लगा रहा।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक अधिकारी के अनुसार अभी तक जल भराव से जुड़ी चार शिकायतें मिल चुकी हैं।
इसके अलावा दिल्ली के बाहरी इलाकों नोएडा, फरीदाबाद में भी मूसलाधार बारिश हुई। इसकी वजह से कई जगहों पर पानी भर गया है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
इधर, जल निकासी का बेहतर इंतजाम न होने की वजह से दिल्ली सचिवालय में भी पानी भर गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना जाहिर की है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, "दिल्ली में गुरुवार को सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।"
अधिकारी के अनुसार बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापामन 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
मौसम विभाग के मुताबिक शहर में बुधवार को अधिकतम आर्द्रता 89 फीसदी दर्ज की गई और न्यूनतम आद्र्रता 59 फीसदी रही। राजधानी में गुरुवार को भी उमस भरी गर्मी जारी रहने की संभावना जताई गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications