सीबीआई के सवालों के जवाब अमित शाह को 'याद नहीं'
गांधीनगर। सीबीआई ने गुजरात के पूर्व गृह राज्यमंत्री और सोहराबुद्दीन शेख मुठभेड़ के मुख्य आरोपी अमित शाह को रविवार को भी नहीं बख्शा। सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि शाह पूछताछ में पूरा सहयोग नहीं कर रहे हैं।
शाह दो दिनों की सीबीआई रिमांड में हैं। उनकी रिमांड की मियाद रविवार रात पूरी हो गयी है। इससे पहले शनिवार को भी शाह से गहन पूछताछ की गई थी। सीबीआई से जुड़े सूत्रों के मुताबिक शनिवार को शाह से 300 सवाल पूछे गए थे। पूछताछ के दौरान वहां शाह के वकील भी मौजूद थे और उन्होंने पूरी पूछताछ के दौरान कोई शिकायत नहीं की।
शाह ने ज्यादातर सवालों के जवाब में कहा कि 'उन्हें कुछ भी याद नहीं है।' वह शनिवार सुबह 10 बजे से रात 8.30 बजे तक सीबीआई की हिरासत में रहे और इसी दौरान उनसे पूछताछ हुई। रविवार को सुबह 10 बजे उनसे पूछताछ शुरू हुई। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नजदीकी माने जाने वाले शाह से इस मुठभेड़ के आरोपी पुलिस अधिकारियों के तबादलों के बारे में सवाल किए गए। इसके अलावा आरोपी पुलिस अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहने के बारे में भी उनसे सवाल पूछे गए।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने 23 जुलाई को 30,000 पन्नों का आरोप पत्र पेश कर शाह को हत्या, अपहरण और फर्जी मुठभेड़ की साजिश रचने का आरोपी बनाया था। उन्होंने 25 जुलाई को समर्पण किया था।












Click it and Unblock the Notifications