कश्मीर की 'अधिकतम स्वायत्तता' के पक्ष में आई माकपा
आंध्र प्रदेश के इस शहर में माकपा केंद्रीय समिति के चार दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन भाषण में पार्टी महासचिव प्रकाश करात ने कश्मीर का विशेष तौर पर उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस मुद्दे को हल करने में विफल रही है और कश्मीरी युवाओं में अलगाव की भावना उभार पर है।
उन्होंने कहा कि इसका हल केवल तभी पाया जा सकता है जब यह स्वीकार किया जाए कि कश्मीर समस्या का हल परंपरागत उपायों से नहीं निकाला जा सकता है। कश्मीर के लोगों को आश्वस्त करना होगा कि उनकी पहचान और विशेष दर्जा एक नए राजनीतिक ढांचे से अभिव्यक्त होगी जिसके मूल में अधिकतम स्वायत्तता होगी।
कश्मीर में पिछले दो महीने से जारी विरोध प्रदर्शनों और हिंसा का उल्लेख करते हुए करात ने कहा कि पुलिस गोलीबारी में काफी अधिक युवा पुरुषों और महिलाओं का मारा जाना दुखद है।
उन्होंने कहा कि तीन हफ्तों में करीब 50 नागरिकों की मौत ने भारतीय शासन के प्रति युवाओं में मौजूद अलगाव की भावना को सामने ला दिया है। टकरावों और मौतों की श्रृंखला को रोका जाना चाहिए।
करात ने कहा कि केंद्र सरकार को घाटी के सभी वर्गो से तुरंत वार्ता की पहल करनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications