स्वाइन फ्लू से महिला की मौत
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश में बुधवार को एक और गर्भवती महिला की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। इस तरह जून से अब तक राज्य में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 18 तक पहुंच गई है। अराकू वैली की रहने वाली एक महिला की मौत राज्य के तटीय शहर विशाखापट्टनम के किंग जार्ज अस्पताल में हुई। पिछले कुछ दिनों से उसका यहां इलाज चल रहा था।
स्वाइन फ्लू से अब तक जिन 18 महिलाओं की मौत हुई है उनमें से नौ गर्भवती थीं। पिछले डेढ़ महीने के दौरान विशाखापट्टनम में स्वाइन फ्लू से चौथी महिला की मौत हुई है। मंगलवार को पुराने हैदराबाद की रहने वाली 38 वर्षीया असमा बेगम की स्वाइन फ्लू से गांधी अस्पताल में मौत हो गई थी।
मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 10 नए मामलों का पता चला। इनमें आठ महिलाएं हैं। पांच मामले राजधानी हैदराबाद के हैं। हैदराबाद, इसके उपनगर और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य अधिकारी चिंतित हैं। बारिश और जाड़े के मौसम में इसका विषाणु तेजी से फैल सकता है।
स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी आने से चिंतित मुख्यमंत्री के रोसैया ने राज्य भर में दवाओं की पर्याप्त सुनिश्चितता के निर्देश दिए हैं। राज्य में पिछले साल स्वाइन फ्लू से कम से 54 लोगों की मौत हो गई थी और इसके करीब 800 मामले सामने आए थे। पिछले साल 16 मई को हैदराबाद हवाई अड्डे पर भारत में स्वाइन फ्लू के पहले मामले का पता चला था। इससे सबसे ज्यादा मौतें सितंबर और अक्टूबर में हुई थीं।












Click it and Unblock the Notifications