चीन में उड़नतश्तरी की आवाजाही!
बीजिंग। एक चीनी खगोलशास्त्री ने भविष्यवाणी की है कि 2011 या 2012 में उड़न तश्तरियां (यूएफओ) दिखाई दे सकती हैं। चाइना डेली ने खबर दी है कि खगोल विज्ञान और छोटे ग्रहों के विद्वान, वांग सिचाओ ने यूएफओ के बारे में हाल के गरमागरम कयासों के तहत अनुमान लगाया है कि चीन के कई क्षेत्रों- झेजियांग, हनान, चोंगकिंग और सिनजियांग में पिछले महीने से कुछ उड़ती हुई अज्ञात वस्तुएं दिखाई दी हैं।
जुलाई के प्रारंभ में झेजियांग की राजधानी हांगझोऊ में एक यूएफओ दिखाई दिया था, जिसके कारण पूर्वी चीन के आसमान में एक घंटे तक हवाई यातायात ठप्प रहा। कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि यूएफओ कोई निजी विमान हो सकता है, क्योंकि निजी विमानों की संख्या बढ़ रही है।
लेकिन जैसा कि ब्रह्मांड संबंधी ब्रिटिश भौतिक विज्ञानी स्टीफन हाकिंग ने इस वर्ष अप्रैल महीने में एलियंस के बारे में दावा किया था। उन्होंने कहा था, "किसी एलियन से मुकाबला होने का मनुष्य और पृथ्वी के लिए बुरा परिणाम हो सकता है, ऐसा देखा गया है।" लेकिन वांग ने कहा कि इस बारे में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना बहुत जल्दबाजी होगी।