छत्तीसगढ़ में नक्सली हमला, 70 पुलिसकर्मी लापता (लीड-1)
रायपुर, 4 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के जंगलों में बुधवार सुबह से भारी मात्रा में हथियारों से लैस नक्सलियों तथा सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है और इस घटना में करीब 70 पुलिसकर्मी लापता बताए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से करीब 420 किलोमीटर दूर किरांदुल के पास गुमियापाल के घने जंगलों में नक्सलियों ने राज्य पुलिस के एक दल पर हमला कर दिया। यहां भारत के शीर्ष लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी लिमिटेड का लौह अयस्क खनन संयंत्र है।
पुलिस मुख्यालय के एक सूत्र ने बताया, "करीब 70 पुलिसवाले लापता हैं।"
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "घटनास्थल पर अतिरिक्त बलों को भेजा गया है। भारी बारिश के बीच मुठभेड़ जारी है। मैं हताहतों के बारे में तत्काल कोई टिप्पणी नहीं कर सकता लेकिन यह एक बड़ी मुठभेड़ है।"
राज्य पुलिस के प्रवक्ता राजेश मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि गुमियापाल जंगलों में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के कमांडर गणेश की अगुवाई में कई नक्सलियों की मौजूदगी का सुराग लगने के बाद सुबह करीब 11 बजे जिला बल (डीएफ)और विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) सहित कोया कमांडो की एक बड़ी टुकड़ी को वहां भेजा गया।
मिश्रा ने कहा, "मुठभेड़ अभी तक जारी है और पुलिस मुख्यालय को विवरण अभी तक नहीं मिल सका है। हमारे जांबाज पुलिसकर्मी नक्सलियों से जमकर लोहा ले रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications