एक घर में दफन 3 लाशें मिलने से सनसनी
पटना। आज के समय में खून के रिश्ते भी अपनी विश्वसनीयता खोते जा रहे हैं। कुछ ऐसा ही वाकया बिहार के मोतिहारी जिले में सामने आया। मंगलवार को पुलिस ने इस इलाके के एक गांव में एक घर के अंदर जमीन में दबे तीन शव बरामद किये। तीनों शवों को मार कर घर के अंदर ही दफना दिया गया था। पुलिस का पूरा शक घर के बड़े लड़के सुमन पर है।
पुलिस के अनुसार बरियारपुर गांव में रमेश कुमार यादव उर्फ सुमन यादव ने करीब ढाई महीने पूहले अपने पिता महंत राय, मां सुनैना देवी और अपने छोटे भाई उमेश यादव को नशीला पदार्थ खिलाकर पहले तो बेहोश कर दिया और जब वे तीनों बेसुध हो गए तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर तीनों की हत्या कर दी। हत्या का कारण संपत्ति हड़पना बताया जा रहा है।
पुलिस एवं गांव वालों के डर से उसने अपने घर में ही जमीन खोदकर तीनों शवों को दफना दिया और गांव वालों से कह दिया कि उसके माता-पिता और भाई बाहर गए हुए हैं। कुछ दिनों के बाद किसी तरह मृतक महंत राय के चचेरे भाई रणविजय राय को इस घटना की जानकारी हुई और मंगलवार को उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर पुलिस ने जमीन के साढ़े चार फीट अंदर दफनाए गए तीनों शवों को बरामद किया। सुमन को गिरफ्तार कर लिया गया है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications