नागा समूह ने दी नाकेबंदी की धमकी
केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, "केंद्र सरकार ने युनाइटेड नागा काउंसिल से आग्रह किया है कि वह मणिपुर के खिलाफ आर्थिक नाकेबंदी को लागू न करे और अगले दौर की बातचीत में हिस्सा लें। यह आग्रह आम जनता की मुश्किलों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।"
यह आग्रह तब किया गया है, जब युनाइटेड नागा काउंसिल ने इंफाल-दिमापुर-गुवाहाटी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच39) और इंफाल-जिरिबाम-सिलचर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच53) पर आर्थिक नाकेबंदी करने की धमकी के साथ एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की।
गृह मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि मणिपुर में स्वायत्तशासी जिला परिषदों से संबंधित मामलों पर चर्चा के लिए मणिपुर के मुख्यमंत्री इबोबी सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को एक गोलमेज बैठक आयोजित की गई।
बयान में कहा गया है कि अगले दौर की बातचीत जल्द ही आयोजित की जाएगी।
नागा काउंसिल ने कहा है कि यदि सरकार ने कुछ पहाड़ी इलाकों से प्रतिबंध तत्काल नहीं उठाया गया तो सुबह छह बजे से नाकेबंदी लागू हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications