तेल कुएं को बंद करने के लिए निर्णायक परीक्षण करेगी बीपी
बीपी ने अपने एक बयान मे कहा कि सोमवार को यह परीक्षण टाल दिया गया था लेकिन मंगलवार को यह काम किए जाने की संभावना है।
इस तेल कुएं से तेल रिसाव 15 जुलाई को रोक लिया गया था अब इसे कीचड़ और सीमेंट से भरकर पूरी तरह बंद किए जाने की योजना है। तेल कुएं को पूरी तरह मृत बनाने से पहले कंपनी इस काम की प्रभावशीलता और सुरक्षा जांचने के लिए यह परीक्षण कर रही है।
अमेरिकी सरकार के वैज्ञानिकों के ताजा अनुमान के मुताबिक 20 अप्रैल से शुरू हुआ यह तेल रिसाव इतिहास का सबसे बड़ा तेल रिसाव संकट है।
नए अनुमान के मुताबिक तेल रिसाव की दर 62,000 बैरल प्रतिदिन रही है। अनुमान के मुताबिक तेल रिसाव की दर में कमी आती रही लेकिन इसे पूरी तरह रोके जाने के दिन तक रिसाव की दर 53,000 बैरल प्रतिदिन थी।
करीब तीन महीनों में तेल कुएं से कुल 49 लाख बैरल तेल का रिसाव हुआ जिसमें से बीपी ने आठ लाख बैरल तेल एकत्र किए। तेल रिसाव की यह मात्रा मेक्सिको में 1979 में हुए तेल रिसाव से ज्यादा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications