बसपा का संसद के दोनों सदनों में हंगामा (लीड-2)
हंगामे के चलते दो बार के स्थगन के बाद राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। लोकसभा में भी इस मामले पर बसपा सदस्यों ने तत्काल चर्चा कराए जाने की मांग को लेकर हंगामा किया और सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया।
राज्यसभा में बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने अनुसूचित जाति-जनजाति कोष की 750 करोड़ की राशि राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में लगाए जाने का मुद्दा उठाया। उनकी अगुवाई में बसपा नेताओं ने प्रश्नकाल स्थगित कर इस विषय पर तत्काल चर्चा कराए जाने की मांग की।
हंगामे को देखते हुए सभापति हामिद अंसारी ने सदन की कार्यवाही पहले कार्यवाही दिन में 11.15 बजे तक स्थगित कर दी। हंगामा जारी रहने पर कार्यवाही दूसरी बार 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई बसपा संदस्यों ने फिर से हंगामा आरंभ कर दिया और नारेबाजी करने लगे। हंगामे के बीच उपसभापति के. रहमान खान ने जरूरी कामकाज निपटाए।
इसके बाद सरकार का पक्ष रखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए चर्चा कराने को तैयार है। बसपा सदस्य इस प्रस्ताव के तहत नोटिस दें फिर सदन में चर्चा होगी। लेकिन बसपा सदस्य आज ही इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग को लेकर अड़े रहे। अलबत्ता उपसभापति ने तीसरी बार दो बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
उधर, लोकसभा में भी बसपा सदस्यों ने इस मुद्दे पर हंगामा किया। लोकसभा में पार्टी के नेता दारा सिंह चौहान ने इस मुद्दे को उठाया और लोकसभा अध्यक्ष से तत्काल इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने इस विषय पर चर्चा के लिए लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस भी दिया था। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें नोटिस मिला है लेकिन अभी इस पर चर्चा नहीं हो सकती। इसके बाद चौहान ने इस विषय पर चर्चा कराने के लिए समय निर्धारित करने की मांग की। लोकसभा अध्यक्ष ने बसपा सदस्यों को आश्वासन दिया कि वह इस विषय पर चर्चा कराने के लिए आज ही समय निर्धारित करेंगी।
इसके बाद बसपा सदस्यों ने लोकसभा की कार्यवाही का बहिष्कार किया और सभी सदस्य सदन से बहिर्गमन कर गए। बसपा सदस्यों के बहिर्गमन के बाद अर्थव्यवस्था पर महंगाई का दबाव और सामान्य जनजीवन पर इसके विपरीत प्रभाव विषय पर चर्चा आरंभ हो गई।
इससे पहले, आज जैसे ही लोकसभा की कार्यवाही आरंभ हुई वैसे ही शिवसेना और महाराष्ट्र के कुछ अन्य सांसदों ने बेलगाम के मुद्दे पर हंगामा शुरू कर दिया। इसके जवाब में कर्नाटक के सदस्य भी हंगामा करने लगे। उल्लेखनीय है कि बेलगाम इन दिनों दोनों राज्यों के बीच विवाद के केंद्र है। इस पर लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार ने कार्यवाही 11.40 तक के लिए स्थगित कर दी।
गौरतलब है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष सोमवार को महंगाई के मसले पर चर्चा के लिए सहमत हुए थे। महंगाई के मुद्दे पर लोकसभा में मंगलवार और राज्यसभा में बुधवार को चर्चा पर सहमित बनी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications