न्यूयार्क शहर की मुख्य निवेश सलाहकार बनीं रजनी नागास्वामी
वाशिंगटन, 3 अगस्त (आईएएनएस)। न्यूयार्क के महापौर माइकल ब्लूमबर्ग ने शहर के प्रशासन पर पेंशन के बढ़ते बोझ की समस्या को सुलझाने के लिए भारतीय मूल की एक वित्तीय विशेषज्ञ रजनी नागास्वामी को सलाहकार नियुक्त किया है।
महापौर कार्यालय की तरफ से सोमवार को कहा गया कि नागास्वामी पेंशन से जुड़े न्यासों में पूर्णकालिक केंद्रीय सलाहकार होंगी।
ब्लूमबर्ग ने कहा, "हम बहुत भाग्यशाली हैं कि अनुभवी, विभिन्न परिसंपत्तियों में मुख्य निवेशों के प्रबंधन में रिकॉर्ड सफलता पाने वाली और प्रतिभासंपन्न रजनी प्रमुख निवेश सलाहकार बनने के लिए सहमत हैं।"
उन्होंने कहा, "पेंशन की लागत बहुत तेजी से बढ़ रही है। यह 2001 में 1.1 अरब डॉलर थी जिसके इस साल बढ़कर 7.6 अरब डॉलर तक पहुंच जाने की संभावना है। यह राशि संपूर्ण शहरी बजट का 10 फीसदी से ज्यादा है।"
ब्लूमबर्ग ने कहा, "पेंशन लाभों की असहनीय लागत को कम करने के लिए हमें कड़े सुधारों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि पेंशन फंड निवेशों पर हमें हरसंभव बेहतर लाभ प्राप्त हो। "
इससे पहले नागास्वामी एलायंसबर्न्सटीन से जुड़ी रहीं। उन्होंने यहां 100 अरब डॉलर की परिसंपत्ति और प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाई। इस कंपनी को 10 साल तक अपनी सेवाएं देने का बाद फरवरी 2009 में उन्होंने नौकरी छोड़ दी। भारत में जन्मी नागास्वामी 1984 में अमेरिका आई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications