छात्र की खुदकशी से उस्मानिया विश्वविद्यालय में तनाव
हैदराबाद, 31 जुलाई (आईएएनएस)। पृथक तेलंगाना राज्य के गठन की मांग को लेकर एक और छात्र के आत्महत्या करने के बाद से हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय में तनाव व्याप्त है।
विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में ईशान रेड्डी का शव शनिवार को बरामद किया गया। ईशान इंजीनियरिंग का छात्र था। उसके शव के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया।
इस पत्र में ईशान ने लिखा है, "मैंने मैसामा देवी के सामने प्रण किया था कि अगर डी. श्रीनिवास और दूसरे कांग्रेस प्रत्याशी उपचुनाव में हार जाते हैं तो मैं अपना जीवन त्याग दूंगा। अब वे पराजित हो गए हैं तो मैं अपनी प्रतिज्ञा पूरी कर रहा हूं।"
आंध्र पदेश की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष डी. श्रीनिवास और दूसरे कांग्रेस प्रत्याशी उपचुनाव में हार गए। ईशान ने पत्र में तेलंगाना की 12 सीटों पर उपचुनाव सुनिश्चित कराने के लिए क्षेत्र की जनता और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव को बधाई भी दी है।
ईशान तेलंगाना के मेडक जिले का रहने वाला है। उसने पत्र में लिखा है कि कांग्रेस और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के नेताओं जैसे डी. श्रीनिवास, जना रेड्डी, दामोदर रेड्डी, श्रीधर बाबू, के. वेंकेट रेड्डी और एन जनार्दन रेड्डी को 'गद्दार' घोषित किया जाए और और इन्हें सरेआम फांसी दी जाए।
ईशान का शव बरामद किए जाने के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर में तनाव व्याप्त है। पुलिस उसका शव ले जाने की कोशिश जिसके बाद छात्र भड़क गए। सुसाइड नोट में ईशान ने इच्छा जताई है कि उसके शव का पोस्टमार्ट न किया जाए।
इससे पहले 20 फरवरी को 12वीं कक्षा के एक छात्र ने खुदकुशी कर ली थी। जनवरी में भी एमसीए के एक छात्र ने आत्महत्या की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications