कश्मीर हिंसा में 3 मरे, 50 घायल (लीड-2)
श्रीनगर, 30 जुलाई (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुए संघर्ष में तीन व्यक्ति मारे गए और 50 से अधिक घायल हो गए। मृतकों में एक 14 वर्षीय किशोर भी शामिल है।
उत्तरी कश्मीर के सोपोर कस्बे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की गोलीबारी में दो लोगों की उस समय मौत हो गई, जब उग्र भीड़ रेल पटरी उखाड़ने की कोशिश कर रही थी।
इन मौतों के बाद घाटी में 11 जून के बाद शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों की कथित गोलीबारी में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोपोर में हुई इस गोलीबारी में मोहम्मद अहसान गनाई और शौकत अहमद वागे की अमरगढ़ रेलवे लाइन पर मौत हो गई।
अधिकारी ने कहा, "गंभीर रूप से घायल तीन अन्य लोगों को विशेष उपचार के लिए श्रीनगर लाया जा रहा है। चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।"
सीआरपीएफ के प्रवक्ता प्रभाकर त्रिपाठी ने हालांकि इस बात से इंकार किया कि सुरक्षा कर्मियों ने सोपोर में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की।
खबरों के मुताबिक लोगों की भीड़ रेलवे पटरी को तोड़ रही थी। भीड़ ने उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में पट्टन पुलिस थाने के एक हिस्से को भी जला दिया। परिणामस्वरूप पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। पट्टन में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
बाद में भीड़ ने पट्टन पुलिस थाने पर तैनात एक पुलिसकर्मी पर हमला बोल दिया। पुलिस कर्मी ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, परिणामस्वरूप पास के पल्हालन गांव निवासी 14 वर्षीय आदिल शेख की मौत हो गई।
श्रीनगर-मुजफ्फराबाद राजमार्ग मार्ग पर स्थित सिंहपुरा गांव के पास चक्काजाम कर रही भीड़ द्वारा सुरक्षा बलों के वाहन पर किए गए भारी पथराव के बाद की गई कार्रवाई में तीन लोगों गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए श्रीनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले श्रीनगर के लालचौक से पांच किलोमीटर दूर स्थित चनापोरा में शुक्रवार सुबह बेकाबू हुई भीड़ और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प में एक किशोर इकबाल अहमद खान गंभीर रूप से घायल हो गया।
शेर-ए-कश्मीर चिकित्सा संस्थान में इकबाल का इलाज कर रहे चिकित्सक ने कहा कि उसकी हालत अस्थिर और चिंताजनक है।
एक अन्य चिकित्सक ने बताया, "उसे जीवन रक्षक उपकरण प्रणाली पर रखा गया है लेकिन उसकी हालत अभी चिंताजनक है।"
पुलिस के अनुसार श्रीनगर के चनापोरा इलाके में भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान सुरक्षाकर्मियों की ओर से की गई कथित गोलीबारी में इकबाल अहमद नामक किशोर घायल हो गया। गोली उसके सिर में लगी है।
उधर, अपुष्ट खबरों में कहा गया है कि झड़प में चार और लोग भी घायल हुए हैं। चनापोरा में भीड़ ने सुरक्षा संबंधी सख्ती की अवहेलना की और मैसुमा इलाके तक जुलूस निकालने की कोशिश की।
सैयद अली शाह गिलानी के नेतृत्व वाले हुर्रियत के कट्टरपंथी धड़े ने घाटी में मानवाधिकारों के कथित उल्लंघन के विरोध में जुमे की नमाज के बाद बंद का आह्वान कर रखा है।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला, हंडवाड़ा, कुपवाड़ा और सोपोर कस्बों में भी सुरक्षा सख्त की गई है। गौरतलब है कि लगभग दो महीने से कश्मीर घाटी में तनाव है। गत 11 जून से जारी हिंसा में 17 लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications