मुझे खत्म करने के लिए आत्मघाती दस्ता बना रही है माकपा : ममता
कोलकाता, 31 जुलाई (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) मुझे खत्म करने के लिए आत्मघाती दस्ता बना रही है।
बनर्जी ने कहा, "इन कायरों (कुछ माकपा मंत्री व नेता) के पास राजनीतिक तरीके से मुझसे लड़ने का साहस नहीं है और इसलिए वे मेरे खात्मे के लिए आत्मघाती दस्ता गठित कर रहे हैं।"
बनर्जी ने यहां अपने आवास पर संवाददाताओं को बताया, "माकपा और अन्य राजनीतिक पार्टियां निहित स्वार्थो के लिए एक बैठक आयोजित की हैं और उन्होंने मेरे खात्मे की साजिश रची है। इस तरह की बैठक हुई है, आप इसका पता कर लीजिए। मैं सभी पार्टियों के बारे में नहीं बोलना चाहती।"
बनर्जी ने कहा कि बैठक में माकपा नेताओं ने उन्हें खत्म करने के लिए एक आत्मघाती दस्ता गठित करने के बारे में चर्चा की।
बनर्जी ने आरोप लगाया, "माकपा मंत्री और नेता मेरी आवाजाही पर नजर रखे हुए हैं। वे मेरी आवाजाही के बारे में जानकारी रख रहे हैं। मेरी हत्या करने की साजिश है।"
उन्होंने कहा, "क्या यह निष्पक्ष राजनीति है? वे मेरे खिलाफ राजनीतिक तरीके से नहीं लड़ सकते। वे कायर हैं।"
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और हल्दिया के सांसद शुभेंदु अधिकारी के खात्मे के लिए भी माकपा एक आत्मघाती दस्ता बना रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications