सनसनी फैलाने में जुटे हैं मोदी : सिंघवी
बेंगलुरू, 31 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर सोहराबुद्दीन शेख मामले में अपनी बयानबाजियों के जरिए सनसनी फैलाने का शनिवार को आरोप लगाया।
शेख मामले को गुजरात से दूसरे राज्य में स्थानांतरित करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो की याचिका का बचाव करते हुए पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि इससे गुजरात की अभियोजन एजेंसी में आत्मविश्वास की कमी जाहिर होती है।
सिंघवी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मोदी होहल्ला मचाने के लिए जाने जाते हैं। सिंघवी मोदी द्वारा केंद्र सरकार से पूछे गए उस सवाल का जिक्र कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि क्या गुजरात देश का कोई दुश्मन है, जो सीबीआई मुकदमे के स्थानांतरण के लिए सर्वोच्च न्यायालय गई।
सिंघवी ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने गोधरा हिंसा से संबंधित कई मामलों को गुजरात से महाराष्ट्र स्थानांतरित कर चुकी है। सिंघवी ने सवाल किया, "क्या तब मोदी ने बेइज्जती का अनुभव नहीं किया था?"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications