दिल्ली, मुंबई, कोलकाता बारिश से तरबतर, जनजीवन अस्त-व्यस्त (राउंडअप)
दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह मूसलाधार बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन सड़कों में पानी भरने और कई इलाकों में लंबा जाम लगने से मुसीबतें बढ़ गईं। वहीं, बीती रात पांच घंटे की भारी बारिश से कोलकाता की स्थिति भी दिल्ली से कुछ ज्यादा अलग नहीं है। देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई के कई हिस्सों में जारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
दिल्ली की ज्यादातर सड़कों पर लंबा जाम लगने की वजह से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा और दिक्कतें भी झेलनी पड़ी। बारिश के चलते मॉडल टाउन, लाजपत नगर, जनपथ क्रॉसिंग, आश्रम, महिपालपुर चौक, धौलाकुआं, राजपथ, ग्रेटर कैलाश, महरौली, बदरपुर रोड और अगस्त क्रांति मार्ग पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके अलावा एंड्रयूजगंज, जसौला और आनंद पर्वत इलाकों में भी जलभराव से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लगभग हर जगह यातायात की रफ्तार बेहद धीमी रही। जलभराव वाली सड़कों पर कारों के रुक जाने की वजह से समस्या में इजाफा हुआ। घर से दफ्तर के लिए निकलीं अवंतिका बताती हैं, "पानी भरा होने के कारण ग्रीन पार्क एक्सटेंशन इलाके के पास मेरी कार रेंगने लगी। मैं दुआ कर रही थी कि कार का इंजन बंद न हो तभी मैंने देखा कि कार के भीतर पानी भर रहा है। कई कारें और ऑटो बीच रास्ते में बंद हो गए और उन्हें धक्का लगाना पड़ा।"
भारी बारिश के चलते बीआरटी कॉरीडोर, शेख सराय से चिराग दिल्ली (दक्षिण दिल्ली), आईजीआई हवाई अड्डे से वसंत कुंज, आश्रम, पीरागढ़ी फ्लाईओवर और रोहिणी के कई हिस्से (उत्तरी दिल्ली), मयूर विहार फेज-तीन (पूर्वी दिल्ली), राजा गार्डेन फ्लाईओवर, आईएसबीटी कश्मीरी गेट और आईटीओ के निकट विकास मार्ग पर लंबा जाम लगा।
दिल्ली नगर निगम(एमसीडी) के नियंत्रण कक्ष में शहर के कई हिस्सों से पानी भरने की शिकायतें मिली।
एमसीडी के एक अधिकारी ने बताया ,"हमें जल जमाव संबंधी 94 शिकायतें मिलीं। इनमें से 20 शिकायतें पेड़ गिरने और रास्ता जाम होने से जुड़ी हुई थी। शहर के विभन्नि हिस्सों में पांच मकान गिरने की भी शिकायतें मिली हैं।"
इधर, ज्यादातर बच्चों ने बारिश का जमकर आनंद उठाया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान औसत से तीन डिग्री नीचे 24 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकारी ने बताया कि शहर में आद्र्रता 98 से 83 फीसदी के बीच दर्ज की गई।
अधिकारी ने कहा, "दिल्ली में रविवार को बादल छाए रहेंगे और छीटें पड़ने की भी संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 डिग्री और 25 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।"
उधर, कोलकाता में बीती रात करीब पांच घंटे की भारी बारिश से कैमक स्ट्रीट, रासबिहारी एवेन्यू और सेंट्रल एवेन्यू इलाकों की प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। इससे दफ्तर जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आईएमडी के अनुसार कोलकाता में पिछले 24 घंटों के दौरान 97.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान कोलकाता का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मुंबई के कई हिस्सों में बारिश के चलते कई उप-नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। हिंदमाता, कुर्ला, विक्रोली, घाटकोपर, अंधेरी और मलाड जैसे इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ।
बारिश की वजह से रेलगाड़ियों के आवागमन पर आंशिक असर पड़ा है। लोकल रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से 10-15 मिनट विलंब से चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आस-पास के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications