उत्तराखंड में बारिश के कहर से 5 की जान गई
देहरादून, 31 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तराखंड में शनिवार को भारी बारिश की वजह से अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। रुड़की में दीवार गिरने व पानी में बह जाने से जहां तीन लोगों की मौत हो गई वहीं विकासनगर व ऋषिकेष में मिट्टी धंसने और उसके बाद पेड़ गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
रुड़की के तहसीलदार अबरार हुसैन ने आईएएनएस को बताया कि रुड़की में पिछले 48 घंटों से जारी बारिश के दौरान रुड़की ग्रामीण इलाके में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि नदी में बह जाने से दो लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा, "भारी बारिश के कारण रुड़की से हरिद्वार को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग का सड़क संपर्क टूट गया है, जिससे यातायत व्यवस्था प्रभावित हुई है। देहात इलाके में घरों में पानी घुस गया है। हमने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है। राहत व बचाव कार्य जारी है।"
उधर, राज्य आपदा प्रबंधन केंद्र ने जानकारी दी है कि देहरादून के विकासनगर और ऋषिकेष में मिट्टी घंसने की वजह से गिरी एक पेड़ की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications