प्रेमी जोड़ों की मदद के लिए हेल्पलाइन
अरविंद मिश्रा
मेरठ, 31 जुलाई(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के युवाओं ने प्रेमी जोड़ों की हर संभव मदद करने और पंचायतों से सुरक्षा देने के लिए हाल ही में 'उत्तरराज्यीय नवनिर्माण सेना' (यूएनएस) के नाम से एक संगठन का गठन किया है। इस संगठन ने प्रेमी जोड़ों को खाप पंचायतों से बचाने और उनकी मदद करने के लिए एक हेल्पलाइन भी शुरू की है।
संगठन में शामिल युवाओं का मानना है कि कि न तो प्यार करना कोई पाप है और न ही अंतरजातीय विवाह करना गलत है। यूएनएस के अध्यक्ष अमित जानी ने आईएएनएस से कहा, "प्रेमी जोड़ों को हम आश्वत करना चाहते हैं कि उनकी हर तरह से मदद की जाएगी। ऐसे प्रेमी युगल जो शादी करना चाहते हैं या जिन्होंने शादी कर ली है और अब घरवालों से उनको जान का खतरा महसूस हो रहा है या जो शादी के लिए कोई कानूनी मदद चाहते हैं तो वे हमारी हेल्पलाइन नंबर 09760000004 पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं। "
संख्या बताने ने इनकार करते हुए जानी ने बताया कि अब तक कई प्रेमी जोड़ों ने अलग-अलग शहरों से इस हेल्पलाइन के जरिए हमसे संपर्क किया है। हम उनकी मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें पता है कि पंचायतों से टकराना आसान नहीं है लेकिन पूरा भरोसा है कि हम खाप पंचायतों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। यूएनएस के पदाधिकारियों का दावा है कि उनके संगठन में देशभर के करीब 50 हजार युवा शामिल हैं।
यूएनएस आगामी 5 अगस्त को देहरादून में 'लवर्स पार्टी' का आयोजन करने जा रही है। इस पार्टी में उन प्रेमी जोड़ों को सामने लाकर सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अन्तरजातीय विवाह किए हैं।
जानी ने कहा कि लवर्स पार्टी में ऐसे प्रेमी जोड़ों को सामने लाने के पीछे मकसद है कि इससे समाज के लोगों में अंतरजातीय प्रेम विवाह करने की हिम्मत बढ़े। लोगों के मन में पंचायत का डर खत्म हो और जातिवाद का जहर धोया जा सके। देहरादून के बाद मेरठ, मथुरा और आगरा जैसे शहरों में यूएनएस ऐसी लवर्स पार्टियों का अयोजन करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications