अमेरिका के 3 नागरिकों को रिहा करे ईरान: ओबामा
वाशिंगटन, 31 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने ईरान से अपील की है कि वह उन सभी तीन अमेरिकी नागरिकों को रिहा करे जो बीते एक साल से उसकी हिरासत में हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ओबामा ने तीनों अमेरिकियों को हिरासत में रखने को 'अनुचित' करार दिया। ईरान ने पिछले साल शेन बेवेर, सारा शॉर्ड और जॉश फैटल को इराक की सीमा से लगे इलाके से गिरफ्तार किया था। इनकी गिरफ्तारी को इस शनिवार पूरे एक साल हो गए।
ओबामा ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा, "मैं ईरानी सरकार से कहना चाहता हूं कि वह सारा, शेन और जॉश को तत्काल रिहा करे। इन लोगों को हिरासत में रखना पूरी तरह अनुचित है।"
ईरानी अधिकारियों का कहना रहा है कि ये तीनों अमेरिकी नागरिक जासूसी कर रहे थे। ईरान इन लोगों की रिहाई अमेरिकी जेलों में बंद ईरानी नागरिकों को रिहा किए जाने के बदले में करना चाहता है।
ओबामा ने कहा, "मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि सारा, शेन और जॉश ने कभी भी अमेरिकी सरकार के लिए काम नहीं किया। उनका ईरानी सरकार से कोई विवाद नहीं है। वे लोग ईरानी जनता का सम्मान करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications