रूस में आपात स्थिति घोषित, दावानल में 12 की मौत
मास्को, 31 जुलाई (आईएएनएस)। रूस के 14 क्षेत्रों में आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है। इन क्षेत्रों में विनाशकारी दावानल के कारण अब तक 12 लोगों की मौत हो गई है और हजारों की संख्या में लोग बेघर हो गए हैं।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार आपात मंत्रालय की सूचना सेवा के एक प्रवक्ता ने शनिवार को कहा कि लगभग 240,000 लोग दावानल से जूझ रहे हैं।
रूस के यूरोपीय हिस्से में अब तक की सबसे भयानक आग में पिछले 24 घंटों के दौरान 1,000 से अधिक घर नष्ट हो चुके हैं और कई गांव खाक हो चुके हैं।
इस बीच बचाव कर्मियों ने शनिवार को निझनी नोवगोरोड क्षेत्र में तीन शवों को बरामद किया। इसके साथ ही दावानल में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 12 हो गई है।
शनिवार सुबह जारी आधिकारिक आंकड़े के अनुसार कोई 121,500 हेक्टेयर जंगल क्षेत्र धू-धू कर जल रहा है। इसके अलावा 18 स्थानों पर पीट बॉग (अति ज्वलनशील घास) के कारण भी आग लगी हुई है। इनमें से नौ स्थान सेंट्रल फ्रेडल जिले में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications