भाजपा नेता की पत्नी की हत्या, रहस्य गहराया (लीड-2)
हुकुम सिंह मुजफ्फरनगर जिले की कैराना विधानसभा सीट से विधायक हैं। पुलिस ने हत्या के पीछे लूट या डकैती की आशंका से इंकार किया है। घर में नकदी और अन्य कीमती सामान सुरक्षित पाया गया है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने लखनऊ में कहा, "प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लगता है। ऐसा लग रहा है कि तकिए को उनके मुंह पर रखकर स्कार्फ से उनका गला दबाया गया हो। फोरेंसिक टीम मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो चुकी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। विधायक सिंह भी मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो चुके हैं।"
उन्होंने कहा कि तकिया और स्कार्फ कमरे से बरामद किए जा चुके हैं। इसके अलावा रेवती सिंह की सोने की चेन, हीरे की कनबाली, मोबाइल व अन्य कीमती सामान भी कमरे से ही बरामद हुए हैं, इसलिए यह नहीं कहा जा सकता है कि हत्या के पीछे लूट या डकैती की कोई संभावना हो। उन्होंने हत्या में दो लोगों के शामिल होने की भी आशंका जताई।
इससे पहले, मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार ने कहा, "प्राथमिक जांच से स्पष्ट हुआ है कि रेवती सिंह की गला दबाकर हत्या की गई है। लेकिन यह हत्या लूट या चोरी के लिए नहीं हुई है। फिलहाल, हम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं। दो घरलू नौकरों को हिरासत में लिया गया है।"
उन्होंने कहा, "पुलिस का मानना है कि वारदात में कोई परिचित भी शामिल हो सकता है।"
उल्लेखनीय है कि शंकर व अजय नाम के बिहार के रहने वाले दो नौकर और हुकुम सिंह के पोते अनुज सिंह रेवती सिंह के साथ रहते थे। हुकुम सिंह शुक्रवार रात भाजपा की एक कार्यशाला में भाग लेने लखनऊ गए थे। दो हिस्सों में बंटी उनकी कोठी के पहले हिस्से में बने भवन में सभी पुरुष सदस्य सोए हुए थे जबकि पिछले हिस्से में रेवती सिंह अपने कमरे में सो रही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications