तमिलनाडु में राज्य कर्मचारियों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य बीमा
चेन्नई, 31 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु सरकार ने राज्य सरकार के उपक्रमों से जुड़े कर्मचारियों और पेंशन भोगियों के लिए तथा स्वतंत्रता सेनानियों और ग्रामीण मुंसिफों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य बीमा योजना की शनिवार को घोषणा की।
स्टार हेल्थ और एलाइड इंश्योरेंस लिमिटेड के सहयोग से राज्य सरकार ने पिछली जुलाई में 72,000 रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए बीमा योजना शुरू की थी। इसके तहत निजी अस्पतालों में 51 गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा है।
योजना के अनुसार चार सदस्यों के परिवार के लिए चार वर्षो तक अधिकतम 100,000 रुपये का इलाज कराने की व्यवस्था है। बीमा के प्रीमियम का भुगतान स्टार हेल्थ को सरकार करती है।
स्वास्थ्य मंत्री एम.आर.के.पनीरसेल्वम ने यहां शनिवार को जारी एक बयान में कहा है कि राज्य सरकार के उपक्रमों के वे सभी कर्मचारी, पेंशनभोगी और ग्रामीण मुंसिफ इस स्वास्थ्य बीमा योजना के पात्र होंगे, जिनकी वार्षिक आय 72,000 रुपये से कम है।
इस योजना की पात्रता रखने वाले व्यक्ति स्टार हेल्थ द्वारा स्थापित विशेष केंद्रों पर खुद को पंजीकृत करा सकते हैं और बीमा पहचान पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications