संसद में सोमवार को दूर हो सकता है गतिरोध
प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अभी तक लोकसभा में नियम 184 और राज्यसभा में नियम 168 के तहत चर्चा कराने की मांग पर अड़ी हुई थी। पिछले सप्ताह इसे लेकर संसद के दोनों सदनों में हंगामा होता रहा और कार्यवाही बाधित हुई। इन नियमों के तहत मतदान का प्रवाधान है जबकि सरकार मतदान से बचने के लिए इन नियमों के तहत चर्चा कराना नहीं चाहती। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने गत दिनों विपक्ष की मांग को खारिज कर दिया था।
भाजपा प्रवक्ता तरुण विजय ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "दोनों पक्ष समाधान निकालने की कोशिश में है। कोई न कोई रास्ता निकल जाएगा। हम उम्मीद करते हैं कि सोमवार को संसद सुचारू रूप से चलेगी और कामकाज होगा।"
उन्होंने कहा रविवार को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की एक बैठक होगी जिसमें संसदीय रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक लोकसभा में नियम 193 के तहत चर्चा कराने को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच सहमति बन सकती है। इसके तहत मतदान का प्रावधान नहीं है।
संसदी कार्यमंत्री पवन कुमार बंसल ने गुरुवार को लोकसभा में कहा था कि सरकार महंगाई पर चर्चा को तैयार है लेकिन वह नियम 193 के तहत चर्चा चाहती है जिसमें मतदान का प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने नियम 193 के तहत चर्चा कराने को लेकर सबसे पहले नोटिस दिया है।
उल्लेखनीय है कि विपक्ष की सेहत के लिए हंगामा आगे और जारी रखना संभव नहीं होगा क्योंकि उसके अडियल रवैये के कारण संसद का कामकाज पिछले सप्ताह पूरी तरह बाधित रहा और कोई कामकाज नहीं हो सका। ऐसे में वह यदि अपने रुख पर अड़ी रही तो इसका जनता के बीच अच्छा संदेश नहीं जाएगा। भाजपा नेता इसे समझ रहे हैं और इसलिए एक कदम पीछे हटने को तैयार हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications