तेलंगाना मसले पर छात्र ने की आत्महत्या (लीड-1)
शव यात्रा में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के प्रमुख के.चंद्रशेखर राव, भारतीय जनता पार्टी के कई नेता, क्रांतिकारी बलादीद गदर और तेलंगाना राजनीतिक संयुक्त कार्रवाई समिति के अध्यक्ष कोदंदाराम ने हिस्सा लिया।
मृत छात्र की इच्छानुसार शव यात्रा विधानसभा के पास स्थित तेलंगाना शहीद स्मारक, गन पार्क से होते हुए गुजरी।
छात्र, ईशान रेड्डी का शव विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में शनिवार को पाया गया। ईशान ने सेंट एन्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी से बी.टेक किया था और वह जीआरई टॉएफल की परीक्षा में बैठने के लिए कोचिंग कर रहा था।
तीन महीनों की शांति के बाद विश्वविद्यालय परिसर का माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया है और हालात से निपटने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी है। तनाव कम करने के लिए पुलिस ने छात्र संयुक्त कार्रवाई समिति को शव यात्रा की अनुमति दे दी।
इसके पहले टीआरएस प्रमुख राव, छात्र का जला हुआ शव देख कर फफक पड़े।
शव के पास से एक सुसाइड नोट भी पाया गया। इस पत्र में ईशान ने लिखा है, "मैंने मैसामा देवी के सामने प्रण किया था कि अगर डी. श्रीनिवास और दूसरे कांग्रेस प्रत्याशी उपचुनाव में हार जाते हैं तो मैं अपना जीवन त्याग दूंगा। अब वे पराजित हो गए हैं तो मैं अपनी प्रतिज्ञा पूरी कर रहा हूं।"
आंध्र पदेश की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष डी. श्रीनिवास और दूसरे कांग्रेस प्रत्याशी उपचुनाव में हार गए। ईशान ने पत्र में तेलंगाना की 12 सीटों पर उपचुनाव सुनिश्चित कराने के लिए क्षेत्र की जनता और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव को बधाई भी दी है।
ईशान तेलंगाना के मेडक जिले का रहने वाला है। उसने पत्र में लिखा है कि कांग्रेस और तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के नेताओं जैसे डी. श्रीनिवास, जना रेड्डी, दामोदर रेड्डी, श्रीधर बाबू, के. वेंकेट रेड्डी और एन जनार्दन रेड्डी को 'गद्दार' घोषित किया जाए और और इन्हें सरेआम फांसी दी जाए।
ईशान का शव बरामद किए जाने के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने उसका शव ले जाने की कोशिश की जिसके बाद छात्र भड़क गए। सुसाइड नोट में ईशान ने इच्छा जताई है कि उसके शव का पोस्टमार्टम न किया जाए।
उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर में इस वर्ष आत्महत्या करने वाला ईशान चौथा छात्र है। मार्च महीने में बी.टेक द्वितीय वर्ष के छात्र साई कुमार ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगा ली थी। वह पृथक तेलंगाना राज्य के गठन में हो रही देरी से परेशान था।
इससे पहले 20 फरवरी को 12वीं कक्षा के एक छात्र ने खुदकुशी कर ली थी। जनवरी में भी एमसीए के एक छात्र ने आत्महत्या की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications