भ्रष्टाचार के आरोपों से दुख पहुंचा : कलमाडी (लीड-1)
समाचार चैनल 'टाइम्स नाउ' के शुक्रवार के खुलासे के बाद कलमाडी ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित करके इन आरोपों का खंडन किया कि समिति ने ब्रिटेन की एक कंपनी 'एएम फिल्म्स' को हर माह 25,000 पाउंड का अवैध भुगतान किया है।
भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष कलमाडी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि लंदन की कंपनी का चयन निविदा प्रक्रिया के बाद किया गया था।
कलमाडी ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति ने भुगतान के लिए आवश्यक सभी वित्तीय नियमों का पालन किया और उसके भुगतान पूरी तरह पारदर्शी हैं।
उन्होंने ब्रिटेन से इस मामले में जांच के लिए कोई पत्र मिलने से इंकार किया।
कलमाडी ने कहा कि देश को राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी मिलना अच्छी शुरुआत रही और इसका अंत भी बढ़िया होगा।
लंदन में भारतीय उप उच्चायुक्त राजेश एन.प्रसाद के ब्रिटिश सरकार के भ्रष्टाचार के आरोपों के बारे में खेल मंत्रालय को लिखने के बाद इस कथित घोटाले का खुलासा हुआ। इसमें कहा गया कि भारत से राष्ट्रमंडल खेल समिति ने ब्रिटेन की एएम फिल्म्स को 25,000 पाउंड की रकम भेजी है। इसका कोई हिसाब नहीं है।
ब्रिटिश कर कार्यालय ने इसके बाद जून में भारतीय उच्चायोग को एक पत्र लिखा और जांच शुरू की।
आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट ने इन सभी आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि ब्रिटेन की किसी भी कंपनी को अवैध भुगतान नहीं किया गया और भारतीय रिजर्व बैंक की अनुमति के बाद ही सभी भुगतान किए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications