पाकिस्तान में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 672 हुई
इस्लामाबाद, 31 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में आई भयावह बाढ़ से मरने वालों की संख्या 672 तक पहुंच गई है जबकि बचावकर्मी अभी तक पश्चिमोत्तर क्षेत्र में फंसे हजारों लोगों तक पहुंचने की कोशिश में लगे हैं।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक मूसलाधार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने से हजारों गांव डूब गए हैं। बारिश की वजह से दूरसंचार सेवाएं और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है जबकि लाखों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है।
ईधी फाउंडेशन के प्रवक्ता मुजाहिद खान ने बताया कि खबर-पखतूनख्वा प्रांत में 635 लोग मारे गए हैं जबकि चार लाख से अधिक बेघर हो गए हैं।
प्रांत के सूचना मंत्री मियां इफ्तिखार हुसैन ने कहा कि 500 से अधिक लोग मारे गए हैं। उन्होंने कहा कि मरने वालों की संख्या की आधिकारिक घोषणा शनिवार को बाद में की जाएगी।
खबर-पख्तूनख्वा प्रांत में राहत एंव बचाव कार्यो के लिए सैकड़ों सैनिकों को लगाया गया है। सेना के मुताबिक सैनिकों ने 14,250 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया है जिनमें 2,800 पर्यटक हैं।
सेना के मुताबिक मोटरबोट के अलावा 17 हेलीकॉप्टरों को राहत कार्यो में लगाया गया है। हुसैन ने इस मानवीय आपदा से निपटने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से सहायता की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications