पाकिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स मिला
इस्लामाबाद, 31 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान में इस्लामाबाद के निकट तीन दिन पहले दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का ब्लैक बॉक्स मिल गया है। इस दुर्घटना में 152 लोगों की मौत हो गई थी।
नागरिक उड्डयन महानिदेशक जुनैद अमीन ने कहा, "हमें ब्लैक बॉक्स मिल गया है। यह सुरक्षित है और इससे जानकारियां हासिल की जा सकती हैं। इसके अलावा कॉकपिट वॉयस रिकार्डर भी मिल गया है।"
एयर ब्लू हवाई सेवा का यह विमान बुधवार को भारी बारिश के बीच दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में सवार 146 यात्रियों और चालक दल के छह सदस्यों में से कोई भी जीवित नहीं बचा था।
अमीन ने कहा कि ब्लैक बॉक्स के दोनों यंत्रों से सूचनाएं प्राप्त करने के लिए इन्हें विदेश भेजा जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications