दिल्ली, मुंबई, कोलकाता में भारी बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त (लीड-2)
नईदिल्ली/मुंबई/कोलकाता, 31 जुलाई (आईएएनएस)। देश के तीन महानगरों दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में शनिवार को भारी बारिश से लोगों को जलभराव के कारण बेहद तकलीफों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह मूसलाधार बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से तो राहत मिली लेकिन सड़कों में पानी भरने और कई इलाकों में लंबा जाम लगने से मुसीबतें बढ़ गईं। वहीं, बीती रात पांच घंटे की भारी बारिश से कोलकाता की स्थिति भी दिल्ली से कुछ ज्यादा अलग नहीं है। देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई के कई हिस्सों जारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है।
दिल्ली की ज्यादातर सड़कों पर लंबा जाम लगने की वजह से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा और दिक्कतें भी झेलनी पड़ी। बारिश के चलते मॉडल टाउन, लाजपत नगर, जनपथ क्रॉसिंग, आश्रम, महिपालपुर चौक, धौलाकुआं, राजपथ, ग्रेटर कैलाश, महरौली, बदरपुर रोड और अगस्त क्रांति मार्ग पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसके अलावा एंड्रयुजगंज, जसौला और आनंद पर्वत इलाकों में भी जलभराव से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लगभग हर जगह यातायात की रफ्तार बेहद धीमी रही। जलभराव वाली सड़कों पर कारों के रुक जाने की वजह से समस्या में इजाफा हुआ। घर से दफ्तर के लिए निकलीं अवंतिका बताती हैं, "पानी भरा होने के कारण ग्रीन पार्क एक्सटेंशन इलाके के पास मेरी कार रेंगने लगी। मैं दुआ कर रही थी कि कार का इंजन बंद न हो तभी मैंने देखा कि कार के भीतर पानी भर रहा है। कई कारें और ऑटो बीच रास्ते में बंद हो गए और उनके मालिकों को उन्हें धक्का लगाना पड़ा।"
भारी बारिश के चलते बीआरटी कॉरिडोर, शेख सराय से चिराग दिल्ली (दक्षिण दिल्ली), आईजीआई हवाई अड्डे से वसंत कुंज, आश्रम, पीरागढ़ी फ्लाईओवर और रोहिणी के कई हिस्से (उत्तरी दिल्ली), मयूर विहार फेज-तीन (पूर्वी दिल्ली), राजा गार्डेन फ्लाईओवर, आईएसबीटी कश्मीरी गेट और आईटीओ के निकट विकास मार्ग पर लंबा जाम लगा। मौसम विभाग ने दिन भर भारी बारिश की उम्मीद जताई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया, "दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई। घने बादल भी छाए हैं। हम शनिवार को 90 फीसदी बारिश की उम्मीद कर रहे हैं।" न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से दो डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान के 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है जो सामान्य से एक डिग्री कम है। शुक्रवार को दिल्ली में 13.2 मिलीमीटर बारिश हुई। इस मौसम में राजधानी में अब तक कुल 242.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
कोलकाता में बीती रात करीब पांच घंटे की भारी बारिश से कैमक स्ट्रीट, रासबिहारी एवेन्यू और सेंट्रल एवेन्यू इलाकों की प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। इससे दफ्तर जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आईएमडी के अनुसार कोलकाता में पिछले 24 घंटों के दौरान 97.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान कोलकाता का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मुंबई के कई हिस्सों में बारिश के चलते कई उप-नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। हिंदमाता, कुर्ला, विक्रोली, घाटकोपर, अंधेरी और मलाड जैसे इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बारिश की वजह से रेलगाड़ियों के आवागमन पर आंशिक असर पड़ा है। लोकल रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से 10-15 मिनट विलंब से चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मुंबई और आस-पास के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications