डायरिया प्रभािवत इलाकों में हेलीकॉप्टर से पहुंच रहे हैं चिकित्सक
पिछले कुछ महीनों में इन इलाकों में बीमारियों से कई लोगों की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल ने आईएएनएस को बताया, "हमारे पास लगातार खबरें आ रहीं थीं कि बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में डायरिया और हैजे से गरीब लोगों की मौत हो रही है। हमने प्रभावित इलाकों में हेलीकॉप्टर की मदद से चिकित्सकों को भेजना शुरू किया है।"
अग्रवाल ने कहा कि दोनों जिलों के कई गांव पिछले तीन दशक से नक्सलवाद से सबसे अधिक प्रभावित रहे हैं। इन इलाकों में पिछले तीन महीने से डायरिया और हैजा जैसी घातक बीमारियां फैली हुई हैं।
अग्रवाल के मुताबिक जगदलपुर कस्बे से हेलीकॉप्टर की मदद से चिकित्सकों को भेजा जाएगा। यदि और चिकित्सकों की जरूरत पड़ी तो उन्हें रायपुर से भेजा जाएगा।
स्वास्थ्य सेवा निदेशालय के एक अधिकारी ने बताया कि बासागुडा और बीजापुर के सीमावर्ती इलाकों में स्थिति चिंताजनक हो गई है जहां मार्च महीने से अब तक लगभग 60 लोगों की मौत हो चुकी है।
दंतेवाड़ा जिले के कोंटा सीट से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा ने आईएएनएस को बताया, "मेरे विधानसभा क्षेत्र में जंगलों में बसे दर्जनों गांवों में मार्च से ही मलेरिया फैला है। ग्राम सड़क मार्गो से पूरी तरह से कटे हुए हैं जिससे उनके पास इससे निपटने के लिए कोई विकल्प नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications