चीनी वस्त्रों में कैंसर पैदा करने वाले रंग मिले
बीजिंग, 31 जुलाई (आईएएनएस)। चीन के सिले-सिलाए वस्त्रों में ऐसे रंगों के उपयोग की बात सामने आई है जिनसे कैंसर हो सकता है। इस खुलासे से चीन के वस्त्रों के खरीददार चिंतित हैं।
'ग्लोबल टाइम्स' समाचार पत्र के मुताबिक बीजिंग की म्युनिसिपल ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एण्ड कॉमर्स ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि देश में कपड़ों के 65 ब्रांड गुणवत्ता परीक्षण में असफल साबित हुए हैं।
'चाइना टेक्सटाइल न्यूज' के मुताबिक बीजिंग स्थित एक कंपनी के सिले हुए कोट में एरोमेटिक एमीन नाम का कैंसर पैदा करने वाला पदार्थ पाया गया है जिसे वर्ष 2006 में सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया था। इस तरह के जहरीले रंगों को धोकर साफ नहीं किया जा सकता और ये मानव शरीर की त्वचा द्वारा सोख लिए जाते हैं। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से कैंसर हो सकता है।
इस कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक कंपनी हर साल पांच करोड़ से 10 करोड़ युआन की कीमत के कपड़ों की बिक्री करती है।
हांग-कांग स्थित एक कंपनी द्वारा बनाए जा रही पैंट में भी इसी तरह के जहरीले रंगों का उपयोग किया जा रहा है।
कुछ अन्य कंपनियों के उत्पादों में मानव त्वचा को नुकसान पहुंचाने वाले फारमेल्डाइड नामक पदार्थ का उपयोग किया जा रहा है।
म्युनिसिपल ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एण्ड कॉमर्स ने कहा कि वह इन वस्त्रों के निर्माताओं को अब तक बेचे गए उत्पादों को खुदरा कारोबारियों से वापस लेने के लिए दबाव डालेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications