अमेरिका में हर तरफ चेल्सी की शादी की चर्चा
न्यूयार्क, 31 जुलाई (आईएएनएस)। न्यूयार्क से करीब 150 किलोमीटर दूरी पर खूबसूरत रीनेबेक कस्बे में हर किसी के जुबान पर पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की बेटी चेल्सी क्लिंटन की शादी की चर्चा है।
शनिवार को होने वाली इस शादी के चलते उत्साह से लबरेज मीडिया इसे 'दशक की शादी' और 'शताब्दी की शादी' घोषित करने में जुटा है।
इस शादी के लिए यहां मीडिया का जमावड़ा गया है। एक स्थानीय दैनिक समाचार पत्र 'हडसन वैली न्यूज' के अनुसार 30 वर्षीया चेल्सी शनिवार रात हडसन नदी के किनारे 50 एकड़ में फैले एस्टर कोर्ट्स में 32 वर्षीय निवेश बैंकर मार्क मेजविंस्की के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगी। इस शादी में शामिल होने वाले कई मेहमान नजदीकी बीकमैन आर्म्स में रुकेंगे जिसे अमेरिका के सबसे पुराने अतिथि गृहों में माना जाता है।
क्लिंटन ने अपने होने वाले दामाद के बारे में कहा, "मैं उन्हें बहुत पसंद करता हूं। मैं उनसे बहुत प्रभावित हूं। हिलेरी भी उसे बहुत पसंद करती हैं।"
अपने भाई रोजर, रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ दोपहर के भोजन में पास्ता का लुफ्त उठाते हुए क्लिंटन ने कहा, "आज का दिन अब तक का सबसे खूबसूरत दिन है।"
काली पोलो टी-शर्ट और जींस पहने क्लिंटन जब एक रेस्टोरेंट गीगी ट्राट्टोरिया से बाहर निकले तो वहां काफी भीड़ जमा हो गई थी। क्लिंटन ने उन लोगों को धन्यवाद दिया।
एक वेबसाइट 'एस्लेडाश डॉट कॉम' के अनुसार खाद्य एलर्जी के कारण चेल्सी के लिए ग्लूटन-मुक्त केक लाया जाएगा।
समाचार पत्र 'डेली मेल' के अनुसार करीब 400 से 500 मेहमान इस शादी में शामिल होने जा रहे हैं। इनमें बारबरा स्ट्रीसैंड, स्टीवन स्पाइलबर्ग, ओपराह विनफ्रे, टेरी मैकएलिफ, टेड टर्नर और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और जॉन मेयर शामिल हैं। इस शादी में हालांकि अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा को आमंत्रण नहीं दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications