कांगो में नौका दुर्घटना, 140 डूबे

कांगो गणराज्य में हुई एक नौका दुर्घटना में क़रीब 140 लोगों के मारे जाने की आशंका है.
अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना तब हुई जब यात्रियों और सामान से भरी एक नौका कसाई नदी में डूब गई.
पश्चिमी कांगो में स्थित बांडुंडु प्रांत में बहनेवाली कसाई नदी कांगो नदी से निकलनेवाली उपनदी है.
कांगो गणराज्य के सूचना मंत्री लैबर्ट मेंडे ने बीबीसी को बताया कि दुर्घटना के असल कारण का पता नहीं है मगर नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे.
कांगो में कई दशको तक चले हिंसक संघर्ष के कारण सड़क और रेलमार्ग का विस्तार नहीं हो सकता है और प्रायः लोग लदी हुई नौकाओं में सफ़र करते हैं.
कांगो के सूचना मंत्री ने बीबीसी को बताया कि नदी में पानी कम था और दुर्घटना तब हुई जब नाव जमा हुई कीचड़ की मोटी सतह से टकराकर असंतुलित हो गई.
दुर्घटनाग्रस्त नाव कांगो की मुशिए नामक स्थान से राजधानी किन्शासा जा रही थी.
पिछले साल नवंबर में भी कांगो में बांडुंडु प्रांत में ही एक नौका दुर्घटना हुई थी जिसमें 70 से अधिक लोग मारे गए थे.












Click it and Unblock the Notifications