कैमरन ने पाकिस्तान पर बयान को सही ठहराया

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने पाकिस्तान पर अपने बयान को सही ठहराते हुए कहा है कि ये उनका कर्तव्य है कि वो सही बोलें और खुलकर बोलें.
उन्होंने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के उन तत्वों पर उंगली उठाकर कोई ग़लती नहीं कि है जो आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं. उन्होंने कहा कि इससे ब्रिटेन और पाकिस्तान के रिश्तों पर उन्होंने चोट नही पहुंचाई है.
प्रधानमंत्री कैमरन का कहना था कि ब्रितानी जनता ये नहीं चाहती कि वो दुनिया का भ्रमण करें और लोगों से वही कहें जो वो सुनना चाहते हैं.
कैमरन ने बुधवार को बंगलौर में इंफ़ोसिस मुख्यालय में एक सवाल के जवाब में कहा था कि 'ये बर्दाश्त नहीं किया जा सकता कि पाकिस्तान भारत, अफ़गानिस्तान या दुनिया के किसी हिस्से में आतंकवाद को बढ़ावा दे.'
लेकिन उन्होंने अपने बयान को थोड़ा और स्पष्ट करते हुए कहा है कि पाकिस्तान की सरकार नहीं बल्कि वहां के कुछ लोग हैं जो आतंकवाद को पनाह दे रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार ने आतंकवाद के ख़िलाफ़ काफ़ी कदम उठाए हैं लेकिन उन्हें और काम करने की ज़रूरत है.
लंदन में पाकिस्तान के उच्चायुक्त वाजिद शमसुल हसन ने कैमरन के बयान पर नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा था कि उनकी सरकार को इस बयान से घोर निराशा हुई है क्योंकि कैमरन ने आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में पाकिस्तान की भूमिका को नकार दिया है.
उन्होंने ये भी कहा था कि ये बयान देकर कैमरन ने क्षेत्र में शांति प्रयासों को धक्का पहुंचाया है.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ये भी कहा है अगस्त में जब पाकिस्तान के राष्ट्रपति ब्रिटेन के दौरे पर जाएंगे तो वो इस मामले को ज़रूर उठाएंगे.












Click it and Unblock the Notifications