पंजाब में जाली नोट गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को जसवीर सिंह उर्फ जस्सी और अक्षय गुप्ता से पुलिस ने 15 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं।
संगरूर पुलिस अधीक्षक लखविंदर सिंह ने आईएएनएस से कहा, "बरामद किए गए नोटों में सभी एक हजार और पांच सौ रुपये के अंकित मूल्य वाले नकली नोट हैं। इस गिरोह का मुखिया जगतार है जो फोन के जरिए ही गिरोह के अन्य सदस्यों के संपर्क में रहता है। हम उससे पूछताछ के लिए वारंट जारी करवाएंगे।"
उन्होंने कहा, "हमने आरोपियों से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। हम इनसे किए गए कॉल्स की जांच कर रहे हैं। जांच जारी है और हमें उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में और गिरफ्तारियां होंगी।"
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जसवीर ने नकली नोट सरवन राय और पिंकी देवी (दोनों बिहार निवासी) से साढ़े सात लाख रुपये की कीमत देकर लिए थे। आशंका व्यक्त की गई है कि यह नोट बाघा सीमा के जरिए पाकिस्तान से यहां पहुंचे हैं।
कुछ दिनों पहले भी पंजाब पुलिस ने जालंधर में दो लोगों को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। इनके पास से डेढ़ लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications