मंत्री के घर के बाहर आत्मघाती हमला

बीबीसी संवाददाता, इस्लामाबाद
पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत के सूचना एवं प्रसारण मंत्री मियाँ इफ्तिख़ार हुसैन के घर के पास हुए एक आत्मघाती हमले में सात लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए.
यह धमाका सोमवार को ख़ैबर पख़्तूनख़्वा प्रांत की राजधानी पेशावर के क़रीब नौशहरा शहर से सटे पब्बी में स्थित प्रांतीय मंत्री के घर के पास हुआ.
पब्बी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि जिस समय धमाका हुआ उस वक्त मियाँ इफ्तिख़ार हुसैन के घर में बहुत से लोग उनके बेटे की हत्या पर संवेदना व्यक्त करने आए थे.
ग़ौरतलब है कि शनिवार को घर के बाहर प्रांतीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री मियाँ इफ्तिख़ार हुसैन के बेटे राशिद हुसैन की कुछ अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी. पुलिस के इलाक़े को घेरे में ले लिया और घटनास्थल पर जाने की किसी को अनुमति नहीं दी.
स्थानीय लोगों के अनुसार संवेदना के लिए आने वाले लोगों में सांसद और विधायक भी शामिल थे. सरकारी टीवी ने बताया कि इस हमले में सात लोग मारे गए और कई अन्य घायल भी हुए.
पब्बी अस्पताल के डॉक्टर अकबर ने पत्रकारों को बताया कि सात लोगों के शव अस्पताल में लाए गए जबकि 20 करीब अन्य घायल हुए. प्रत्याक्षदर्शियों ने बीबीसी को बताया कि दो लोग मोटरसाइकिल पर आए और उनमें से एक पुलिस पोस्ट के पास उतर गया और बाद में धमाका हुआ.
पेशावर के पुलिस प्रमुख लियाक़त अली ख़ान ने बताया कि हमलावर पुलिस पोस्ट पर पहुँचा और जब पुलिसकर्मियों ने उसे रोका तो उसने अपने आपको बम से उड़ा दिया.
उन्होंने बताया कि एक हमलावर वहाँ से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में कई जगहों पर छापे मार रही है. उधर तालिबान विद्रोहियों ने इस हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार कर ली है. तालिबान प्रवक्ता एहसानुल्लाह के अनुसार यह धमाका उनके गुट ने किया है.












Click it and Unblock the Notifications