अबू सलेम पर जेल में हमला, हालत स्थिर (लीड-1)
जेल परिसर में हुए इस हमले में दोसा ने नाश्ते के समय अबू सलेम पर एक नुकीली चम्मच से कई वार किए जिससे उसे गर्दन और कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं, उसे तत्काल जेल परिसर स्थित अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार जारी है। जेल चिकित्सक ने सलेम की हालत स्थिर बताई है।
गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना को 'छोटी घटना' बताया है लेकिन जेल अधिकारी भविष्य में इस तरह की घटना रोकने के लिए सुरक्षा के लिए कुछ कदम उठा सकते हैं।
यह हमला जेल परिसर के अहाते में हुआ जहां सुरक्षा बंदोवस्त के बीच सभी कैदियों को जाने की अनुमति है।
गृहमंत्रालय के अधिकारियों ने कहा कि जेल प्रशासन दोसा और सलेम के बीच पुरानी दुश्मनी को देखते हुए दोसा को किसी दूसरी जेल में भेजने का निर्णय ले सकता है।
दोसा के खिलाफ एन. एम. जोशी मार्ग स्थित पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
हमले की इस घटना से जेल प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं क्योंकि फांसी की सजा पाए पाकिस्तानी आतंकवादी अजमल आमिर कसाब को भी इसी जेल में रखा गया है।
सरकार द्वारा नियुक्त कसाब के वकील के. पी. पवार ने संवाददाताओं से कहा कि कसाब पूरी तरह सुरक्षित है। उसके जेल के दूसरे कैदियों से किसी तरह का कोई संपर्क नहीं होता है।
अबू सलेम 12 मार्च 1993 को मुंबई में हुए श्रृंखलाबद्ध धमाकों के अलावा संगीतकार गुलशन कुमार की हत्या का भी आरोपी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications