गडकरी ने राज्य प्रभारियों के नाम तय किए
गडकरी ने अपनी नई टीम की घोषणा के चार महीने बाद कार्यावंटन किया। उन्होंने पार्टी नेता नज्मा हेपतुल्ला एवं हेमा मालिनी की जिम्मेदारियां भी तय की।
दोनों नेताओं को पिछले महीने राज्यसभा के लिए मनोनीत नहीं किया गया था। हेपतुल्ला को दमन एवं दीव तथा दादरा और नगर हवेली की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि हेमा मालिनी पार्टी की सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के कार्य देखेंगी।
उत्तर प्रदेश का प्रभार नरेंद्र सिंह तोमर को दिया गया है। महासचिव जगत प्रकाश नाड्डा छत्तीसगढ़ का प्रभार संभालेंगे।
भाजपा ने उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और असम के लिए सह-प्रभारियों की नियुक्ति भी की है। पार्टी सांसद वरुण गांधी असम के चुनाव प्रभारी बनाए गए हैं।
पार्टी के उपाध्यक्ष शांता कुमार एवं कलराज मिश्र क्रमश: कर्नाटक तथा हिमाचल प्रदेश के प्रभारी होंगे।
पार्टी महासचिव अनंत कुमार को मध्य प्रदेश के साथ विधानसभा चुनाव संभावित बिहार का प्रभार भी सौंपा गया है। अन्य महासचिव थावर चंद गहलोत उत्तराखण्ड के प्रभारी होंगे।
अन्य पार्टी नेताओं को जो प्रभार दिया गया है वह इस प्रकार है : यशवंत सिन्हा (पंजाब), चंदन मित्रा (पश्चिम बंगाल), कप्तान सिंह सोलंकी (राजस्थान), बलबीर पुंज (गुजरात), ओ.पी. कोहली (जम्मू एवं कश्मीर), संतोष गंगवार (उड़ीसा) और विजय गोयल (असम)।
पार्टी अध्यक्ष ने सूची में राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 35 प्रभारी, छह मोर्चे और नौ पार्टी प्रकोष्ठों के नाम तय किए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications