पूरी रात विधानसभा में रहे विपक्षी विधायक
बिहार में कथित 'ट्रेजरी घोटाले' को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़े विपक्षी विधायकों और सत्ता पक्ष के सदस्यों के बीच मंगलवार को विधानसभा में हाथापाई हुई थी। इस दौरान एक दूसरे पर चली कुर्सियां और मेजें भी फेंकी गईं थीं। इसके बाद विपक्षी दल के विधायक सदन के अंदर ही धरने पर बैठ गए थे। इन्हें रात को बाहर निकालने के प्रयास किया गया परंतु ये बाहर नहीं निकले। अभी भी ये विधायक अंदर ही हैं।
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के विधायक महेश्वर सिंह का आरोप है कि वह विधानसभा के प्रमुख द्वार से अंदर तो आ गए परंतु भवन के अंदर नहीं जा पाए। इनके साथ पांच विधायक हैं जो अंदर नहीं जा सके और विधानसभा के मुख्य द्वार पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने बुधवार को कहा कि यह स्थिति आपातकाल से भी ज्यादा बदतर है।
पत्रकारों को भी विधानसभा में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। विधानसभा की सुरक्षा व्यवस्था को भी बढ़ा दिया गया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद को भी मंगलवार की रात विधानसभा भवन में नहीं जाने दिया गया था।
इधर, मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे विधायक डब्लू सिंह ने कहा कि अंदर धरने पर बैठे विधायक रात का खाना दाल, चावल और चोखा खाए जबकि बाहर बैठे विधायकों को खाने में बिस्कुट से काम चलाना पड़ा। वह कहते हैं कि अंदर कम से कम 50 विधायक हैं और जब तक मुख्यमंत्री इस्तीफा नहीं दे देते तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि बिहार में विकास कायरें में कथित वित्तीय अनियमितता को लेकर पटना उच्च न्यायालय द्वारा इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपे जाने के बाद विपक्ष मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications