पश्चिम बंगाल में रेल हादसा, 50 की मौत (लीड-3)
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने इस हादसे में 49 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "यह दुखद घटना है। लोगों की जान बहुत महत्वपूर्ण है। हमें इस हादसे पर गहरा खेद है। दो महीने के भीतर पश्चिम बंगाल में यह दूसरा हादसा है।"
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (रेलवे) दिलीप मित्रा ने बताया, "अब तक कुल 38 शव बरामद किए गए हैं। मारे गए ज्यादातर लोग वनांचल एक्सप्रेस में सवार थे।"
पूर्वी रेलेवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी समीर गोस्वामी ने बताया कि मृतकों में 39 पुरुष, आठ महिलाएं और दो बच्चे हैं। यह हादसा रविवार देर रात 2.15 बजे हावड़ा से 191 किलोमीटर दूर सैंथिया स्टेशन पर हुआ। मारे गए लोगों में उत्तरबंगा एक्सप्रेस का चालक व सहचालक और वनांचल एक्सप्रेस का एक सुरक्षा गार्ड भी शामिल है।
पूर्वी रेलवे के मुख्य सुरक्षा आयुक्त एस. साहू ने आईएएनएस को बताया, "इस दुर्घटना में 50 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है।"
अब तक बरामद सभी शवों को सूरी स्थित जिला अस्पताल में भेज दिया गया है। मौके पर पांच चिकित्सा दल पहुंच चुके हैं। साहू ने बताया, "लगभग 150 घायलों को सूरी और सैंथिया के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।"
यह हादसा ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के पटरी उतरने की घटना के 52 दिनों बाद बाद हुआ है। पश्चिम मिदनापुर जिले में ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 148 लोग मारे गए थे।
सैंथिया रेल हादसे के बारे में पूर्वी रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि वनांचल एक्सप्रेस सैंथिया स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-4 पर खड़ी थी। उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही उत्तरबंगा एक्सप्रेस ने उसे टक्कर मार दी। इस घटना में वनांचल एक्सप्रेस की तीन बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह हादसा उस समय हुआ जब वनांचल एक्सप्रेस वहां से प्रस्थान करने ही वाली थी। हादसे की वजह से इस रेलखंड पर रेलसेवाएं बाधित हुई हैं। मालदा-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित कई रेलगाड़ियां रद्द कर दी गई हैं। इस बीच घटनास्थन पर राहत रेलगाड़ी पहुंच चुकी है।
बीरभूम के पुलिस अधीक्षक हुमायूं कबीर ने आईएएनएस को बताया, "तीन क्षतिग्रस्त डिब्बों में से अब तक दो डिब्बों से शव निकाले जा सके हैं।"
पूर्वी रेलवे महाप्रबंधक वी.एन. त्रिपाठी के अनुसार इस बात की जांच का आदेश दे दिया गया है कि दोनों रेलगाड़ियां कैसे एक रेलेवे लाइन पर आ गईं। रेल मंत्री ममता बनर्जी दोपहर बाद घटनास्थल का दौरा करेंगी।
उधर, इस हादसे के मद्देनजर रेलवे ने कई हेल्पलाइन नंबर शुरू किए हैं। पूर्वी रेलवे की ओर से सैंथिया स्टेशन पर दो हेल्पलाइन नंबर शुरू किए गए हैं। ये फोन नंबर हैं: 23503537 और 23503535।
हावड़ा रेलवे स्टेशन पर भी फोन कर लोग अपने परिजनों की खरियत जान सकते हैं। हावड़ा के फोन नंबर हैं: 033-26382581/7412 और 26411416।
इसी तरह से बिहार के भागलपुर स्टेशन का हेल्पलाइन नंबर 06412422433 और जमालपुर स्टेशन का नंबर 0634443101 है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications