हथियारबंद शख्स ने आस्ट्रेलियाई पुलिस के होश उड़ाए
पर्थ, 18 जुलाई (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के पर्थ शहर में एक निर्वस्त्र हथियारबंद व्यक्ति ने पुलिस के होश उड़ा दिए। वह 10 मीटर ऊंचे विज्ञापन बोर्ड पर चढ़कर लगभग चार घंटे तक चिल्लाता रहा। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद उसे नीचे उतारने में सफलता हासिल की।
स्थानीय सामचार चैनल 'पर्थ नाउ' के मुताबिक 30 से 40 वर्ष का व्यक्ति शनिवार दोपहर 2.45 बजे विज्ञापन बोर्ड पर चढ़कर चिल्लाने लगा।
सशस्त्र पुलिस अधिकारियों को बुलाया गया और सटीक निशानेबाज को निकटवर्ती पार्क में तैनात कर दिया गया। आस-पास की सड़कों पर पैदल चलने वालों और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।
पुलिस ने उक्त व्यक्ति से कहा कि वह नीचे उतर आए उसकी सहायता की जाएगी। काफी मशक्कत के बाद शाम को लगभग 5.20 बजे पहली सफलता मिली जब उस व्यक्ति ने अपनी पिस्तौल नीचे फेंक दी।
पुलिस इस बात को लेकर डर रही थी कि उसकी पिस्तौल असली है या फिर नकली। लेकिन बाद में यह स्पष्ट हो गया कि पिस्तौल असली ही थी। उक्त व्यक्ति ने बाद में पुलिस के सामने समर्पण कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications