आंध्र-महाराष्ट्र सीमा पर तनाव, लाठीचार्ज में 4 घायल
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में धर्माबाद के निकट सीमा पर पुलिस ने तेदेपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिसमें चार लोग घायल हो गए।
महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए तेदेपा कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट्र की सीमा में घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़कर आंध्र प्रदेश के आदिलाबाद जिले में वापस भेज दिया। कुछ मीडिया कर्मियों ने भी शिकायत की है कि पुलिस ने उनकी पिटाई की।
नायडू एवं अन्य तेदेपा नेताओं को निषेधाज्ञा का उल्लंघन कर महाराष्ट्र में प्रवेश करने पर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। वे गोदावरी नदी पर बन रहे बाबली बांध की तरफ बढ़ रहे थे। तेदेपा नोताओं का आरोप है कि महाराष्ट्र सरकार अवैध रूप से बांध का निर्माण करवा रही है, जबकि इस नदी के पानी पर आंध्र प्रदेश का भी हक है।
उधर, बाबली संरक्षण समिति के कार्यकर्ताओं ने तेदेपा नेताओं के विरुद्ध रैली निकाली। स्थिति पर काबू पाने के लिए धर्माबाद में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं।
पुलिस ने बाबली संरक्षण समिति के कार्यकर्ताओं पर उस समय बलप्रयोग किया, जब वे धर्माबाद आईटीआई परिसर में घुसने का प्रयास कर रहे थे, जहां नायडू एवं 74 अन्य नेताओं को हिरासत में रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अन्य नेताओं को धर्माबाद के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने शनिवार को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, क्योंकि उन्होंने जमानत पर रिहाई से इंकार कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications