रोहतक में औद्योगिक केंद्र के लिए भूखंड प्रस्तावित
हरियाणा के राज्य उद्योग एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के कार्यकारी निदेशक राजीव अरोड़ा ने कहा कि 13 एकड़ जमीन पर 87 भूखंड और पांच एकड़ जमीन पर 48 भूखंडों का प्रस्ताव दिया गया है।
दिल्ली-हरियाणा सीमा से 45 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर स्थित रोहतक में औद्योगिक केंद्र के लिए इन भूखंडों का प्रस्ताव पहले और दूसरे चरण के अंतर्गत औद्योगिक समूहों को दिया जाएगा।
अरोड़ा ने कहा कि इस केंद्र के विकास के लिए औद्योगिक, आवासीय और व्यावसायिक उपयोग के लिए कुल 4,000 एकड़ भूमि का प्रस्ताव दिया गया है।
अरोड़ा ने कहा, "पहले हम केवल 30 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश वाले महत्वपूर्ण उद्योगों के लिए आमंत्रित कर रहे हैं इसके बाद ही अन्य उद्योगों को प्रस्ताव दिया जाएगा।"
उन्होंने कहा कि पूरी तरह से विकसित और आवंटन के लिए तैयार पहले चरण के करीब 900 एकड़ के भूखंड खरीदने के लिए पहले ही कुछ बड़े उद्योग समूह प्रस्ताव दे चुके हैं।
मारुति सुजुकी इंडिया (700 एकड़), एशियन पेंट्स (130 एकड़), हाईटेक प्लास्टिक (10 एकड़), ब्लो पैकेजिंग (3 एकड़) और एसएचवी एनर्जी लिमिटेड (5 एकड़) यहां भूखंड ले चुकी हैं।
अरोड़ा ने कहा कि इन सभी प्रस्तावों और पहले चरण के अन्य प्रस्तावों से 2,200 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications