जगन ने सहयोगी के निलंबन को पीड़ादायक बताया
जगनमोहन ने ईस्ट गोदावरी में जिले में अपनी 'ओडरपू यात्रा' के दौरान संवाददाताओं से कहा कि वह इस मुद्दे पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ बात करेंगे।
कांग्रेस महासचिव व आंध्र प्रदेश के पार्टी प्रभारी एम.वीरप्पा मोइली ने शनिवार की रात रामबाबू के निलंबन की घोषणा की। कांग्रेस की राज्य इकाई के महासचिव रामबाबू को मुख्यमंत्री के.रोसैया के खिलाफ खास टिप्पणी के लिए निलंबित किया गया है।
रामबाबू ने मंत्रियों और विधायकों को जगन की यात्रा में शामिल न होने की हिदायत देने के लिए रोसैया की आलोचना की थी। उन्होंने कथित रूप से कहा था कि रोसैया को वाई.एस.राजशेखर रेड्डी के परिवार का ऋणी होना चाहिए, क्योंकि उसी परिवार के कारण वह मुख्यमंत्री बन पाए।
जगन ने कहा, "रामबाबू के निलंबन से मुझे पीड़ा हुई है।" जगन पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की इच्छा के विपरीत लगातार सातवें दिन अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं।
यात्रा के दौरान कड़पा के सांसद जगनमोहन उन लोगों के परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं, जिन्होंने उनके पिता वाईएसआर के हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मारे जाने के बाद सदमे में आकर प्राण त्याग दिए थे।
एक संवाददाता के पूछने पर कि रामबाबू का निलंबन उनका समर्थन कर रहे लोगों के लिए चेतावनी का संकेत तो नहीं है, जगन ने कहा, "मैंने क्या गलती की है कि वे मुझे कोई चेतावनी देंगे?"
जगन ने कहा, "ईश्वर और मेरे दिवंगत पिता का आशीर्वाद उन सभी लोगों के साथ है, जो मेरे साथ हैं।" उन्होंने कहा कि रामबाबू वर्ष 2003 में मेरे पिता के साथ राज्य की 1,500 किलोमीटर लंबी यात्रा में शामिल थे।
इस बीच रामबाबू ने हैदराबाद में कहा कि निलंबन के बारे में उन्हें पार्टी नेतृत्व से कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि किसी कारण बताओ नोटिस के जवाब के लिए पार्टी दो सप्ताह का समय देती है। रामबाबू को नौ जुलाई को नोटिस जारी किया गया था।
ज्ञात हो कि कांग्रेस नेतृत्व ने शनिवार की रात नई दिल्ली में रामबाबू के निलंबन की घोषणा करते हुए एक बयान जारी किया था। रामबाबू ने सवाल किया है कि जब उनके पास अभी भी जवाब के लिए समय है, तो उन्हें कैसे निलंबित किया जा सकता है।
मोइली ने शुक्रवार को हैदराबाद का दौरा किया था और जगन के खिलाफ किसी कार्रवाई की बात को खारिज कर दिया था। उन्होंने जगन की 'ओडरपु यात्रा' को उनका व्यक्तिगत मामला बताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications