सौर ऊर्जा की 11 परियोजनाओं को केन्द्र की मंजूरी
जयपुर, 18 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम की ओर से रखे गए निजी कंपनियों द्वारा सौर ऊर्जा क्षेत्र में 1100 करोड़ रुपये के निवेश के 11 प्रस्तावों को केंद्र सरकार ने शनिवार को मंजूरी दे दी। इससे प्रदेश में करीब 66 मेगावॉट बिजली का उत्पादन होगा।
निगम की एक विज्ञप्ति के अनुसार राजस्थान में सौर ऊर्जा बिजली उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए निजी निवेशक काफी समय से रुचि दिखा रहे हैं। देश की विभिन्न कंपनियों ने पिछले साल इस संबंध में 11 प्रस्ताव निगम में पेश किए थे। इनको राज्य सरकार ने पहले ही मंजूरी दे दी थी।
ऊर्जा मंत्री डा. जितेन्द्र सिंह ने बताया कि हाल ही में गठित राष्ट्रीय सोलर मिशन ने पहले चरण में इन सभी योजनाओं को मंजूरी दे दी। अक्षय ऊर्जा निगम ने जनवरी 2010 में ये परियोजनाएं केन्द्र सरकार को भेजी थीं।
सिंह ने बताया कि नेशनल थर्मल पॉवर कॉर्पोरेशन की सहायक कंपनी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड अगले 25 वर्ष तक इन परियोजनाओं से उत्पादित बिजली खरीदेगी। इसके तहत सौर फोटोवोल्टाइक विद्युत परियोजना की बिजली 17.91 रुपये और सौर तापीय विद्युत परियोजनाओं से उत्पादित बिजली 15.31 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदी जाएगी।
इसके बाद नेशनल थर्मल पॉवर कॉर्पोरेशन द्वारा उत्पादित बिजली में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की बिजली मिलाई जाएगी तथा एनटीपीसी, विद्युत व्यापार निगम और राजस्थान की डिस्कॉम कंपनियों के बीच फिर विद्युत खरीद समझौता होगा। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि मंजूरशुदा योजनाओं पर शीघ्र ही काम शुरू होगा
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications