रेड्डी बंधुओं को येदियुरप्पा का समर्थन (लीड-1)
येदियुरप्पा ने यह बयान भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज के साथ बैठक के बाद जारी किया। स्वराज को रेड्डी बंधुओं-जर्नादन रेड्डी और करूणाकर रेड्डी की करीबी माना जाता है। रेड्डी बंधुओं ने इससे पहले रविवार सुबह स्वराज और येदियुरप्पा से मुलाकात की थी। यह मुलाकात कर्नाटक के राज्यपाल और विपक्षी दलों की ओर से की जा रही रेड्डी बंधुओं को हटाने की मांग के मद्देनजर की गई थी।
येदियुरप्पा ने संवाददाताओं को बताया, "लोकायुक्त को इस पूरे मामले की जांच करने दीजिए। हम राज्य में अवैध खनन के मसले पर वर्ष 2003 से जांच कराने को तैयार हैं।" वैसे उन्होंने विपक्ष की ओर से की जा रही इस मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो से जांच कराने की मांग पर कोई भी टिप्पणी नहीं की।
रेड्डी बंधुओं ने यहां कर्नाटक भवन में मुख्यमंत्री से मुलाकात की और बाद में लोकसभा में विपक्ष की नेता स्वराज से भेंट की।
समझा जाता है कि स्वराज ने रेड्डी बंधुओं से कहा है कि पार्टी और सरकार के हित में लिए जाने वाले किसी भी फैसले पर वे पार्टी अनुशासन का उल्लंघन न करें। कर्नाटक के पर्यटन मंत्री जनार्दन रेड्डी के एक सहयोगी ने आईएएनएस को बताया कि साथ ही स्वराज ने यह भी कहा कि भाजपा, दबाव बनाने की कांग्रेस की रणनीति के समक्ष नहीं झुकेगी।
शनिवार को यहां हुई पार्टी नेताओं की उच्च स्तरीय बैठक में यह सुझाव दिया गया था कि कर्नाटक सरकार को बचाने के प्रयासों के तहत स्वराज, रेड्डी बंधुओं के साथ विचार-विमर्श करें और उन्हें राजी करने की कोशिश करे।
इस बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी, येदियुरप्पा, पार्टी महासचिव अनंत कुमार, प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों और कई राज्य मंत्रियों ने हिस्सा लिया।
रेड्डी बंधु रविवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर सकते हैं। जर्नादन रेड्डी ने मीडिया को बताया कि वे कांग्रेस द्वारा छेड़े गए झूठे दुष्प्रचार का मुकाबला करेंगे। उन्होंने कहा, "यदि एक भी आरोप साबित हुआ तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। न सर्वोच्च न्यायालय, न लोकायुक्त और न ही केंद्र सरकार ने ही हमारी कोई गलती ढूंढी है।"
रेड्डी बंधुओं के खिलाफ आरोपों का मामला उस समय गरमा गया जब राज्यपाल एच.आर. भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को 'भ्रष्ट मंत्रियों' को हटाने को कहा। कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के विधायकों का धरना शुरू होने के बाद भारद्वाज ने राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। विपक्षी विधायक रेड्डी बंधुओं के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।
भाजपा के एक नेता ने आईएएनएस को बताया, "भाजपा इस समय रेड्डी बंधुओं को हटाने की विपक्ष की मांग के समक्ष झुके बगैर अपनी छवि बचाने की कोशिश कर रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications